
ब्यूरो रिपोर्ट
संभागायुक्त श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय का निरीक्षण कर ई-ऑफिस प्रणाली के संचालन, स्थापना शाखा तथा कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर न्यायालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सर्वप्रथम ई-ऑफिस प्रणाली में आवक-जावक प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए संबंधित कर्मचारियों की दक्षता परखी। उन्होंने निर्देश दिए कि संपूर्ण कलेक्ट्रेट की आवक-जावक प्रक्रिया सेंट्रलाइज्ड हो तथा पत्र मार्किंग के लिए कलेक्टर और अपर कलेक्टर ही दो स्तर निर्धारित रहें। उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देकर उन्हें कुशल बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कोई भी पत्र लंबित न रहे और संबंधित शाखा प्रभारी समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित करें।
इसके पश्चात संभागायुक्त ने स्थापना शाखा का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों के समयमान वेतनमान, विभागीय जांच, न्यायालयीन प्रकरण, स्वेच्छानुदान, सेवा पुस्तिका एवं हिट-एंड-रन प्रकरणों की समीक्षा की। टेबल निरीक्षण रोस्टर अनुरूप नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित शाखा प्रभारी को निर्धारित रोस्टर के अनुसार अनिवार्य रूप से टेबल निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि न्यायालयीन प्रकरणों की निरन्तर समीक्षा कर गंभीरतापूर्वक निराकरण कराएं। जवाब दावे समय पर प्रस्तुत किए जाएं।

स्थापना शाखा में भी उन्होंने रैंडम रूप से ई-ऑफिस के क्रियान्वयन की स्थिति देखी तथा शाखा लिपिक और शाखा प्रभारी को नस्तियों पर अनिवार्य रूप से डिजिटल हस्ताक्षर करने के निर्देश दिए। इसके बाद संभागायुक्त श्री तिवारी ने कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर न्यायालय में आरसीएमएस में दर्ज प्रकरणों के निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सुनिश्चित करें सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, उपायुक्त श्री दिवाकर नारायण पटेल, अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





