
ब्यूरो रिपोर्ट
मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी द्वारा विद्युत उत्पादन से जुड़े कर्मवीरों की महत्वपूर्ण भूमिका, योगदान एवं उनकी अभूतपूर्व कर्तव्यनिष्ठा को सम्मानित करने हेतु सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी में “उत्पादन कर्मवीर दिवस” समारोह विद्युत गृह क्रमांक 2/3 के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर उत्पादन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मवीरों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता श्री एस. के. लिल्होरे, अति मुख्य अभियंता श्री राजीव गुप्ता, अति मुख्य अभियंता श्री मनीष शर्मा एवं मुख्य रसायनज्ञ श्री पीयूष गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य अभियंता श्री लिल्होरे ने अपने संबोधन में कहा कि भगवद्गीता हमें निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा देती है — यही सच्चे कर्मयोग की पहचान है।
इस अवसर पर श्री सुरेंद्र कुमार विश्वकर्मा, श्री सुदीप डेहरिया, श्री अरुण मिश्रा, श्री भोजराज परमार एवं श्री सुदीप वर्गीस को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं ₹5100 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
