
ब्यूरो रिपोर्ट
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कार्यक्रम की समुचित तैयारी को लेकर दिए आवश्यक दिशा निर्देश
वर्ष 2025-26 में स्वीकृत आदिरंग/आदि महोत्सव का आयोजन 4 से 6 अप्रैल तक विकासखंड मुख्यालय घोड़ाडोंगरी में किया जाएगा। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने महोत्सव की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जिले की जनजातीय संस्कृति, परंपरा और कला को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
महोत्सव के सुचारू संचालन के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शाहपुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग बैतूल को संपूर्ण आयोजन का प्रभारी एवं समन्वयक बनाया गया है, जो जिला पंचायत के मार्गदर्शन में सभी व्यवस्थाओं का संचालन करेंगे। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनजातीय कला प्रदर्शनी, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके लिए विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।





