
ब्यूरो रिपोर्ट
संभागायुक्त श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट बैतूल में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, संयुक्त आयुक्त श्री नवल मीना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
संभागायुक्त श्री तिवारी ने ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि तहसील कार्यालयों में आवक-जावक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए तथा समस्त कार्य केंद्रीयकृत रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से ही किए जाएं, ताकि फाइलों की मॉनिटरिंग कार्यालय प्रमुख से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा सके। उन्होंने ट्रेजरी से संबंधित आहरण एवं राहत सहित सभी कार्य भी ई-ऑफिस पर ही संचालित करने के निर्देश दिए। राजस्व प्रकरणों को समय-सीमा में दर्ज करने के लिए रीडर को पाबंद करने तथा प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित पक्षों को तामिली समय पर प्राथमिकता से कराई जाए तथा लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों का भी समय पर प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।





