
ब्यूरो रिपोर्ट
सलैया ग्राम में इन दिनों भक्ति और आस्था का अनूठा वातावरण देखने को मिल रहा है। ग्राम स्थित श्री सीताराम दादा जी बैकुंठ धाम आश्रम के सानिध्य में 30 मार्च से 7 अप्रैल तक भव्य श्री राम महायज्ञ एवं संगीतमय राम कथा का आयोजन किया जा रहा है।
यह धार्मिक आयोजन बस स्टैंड स्थित श्री पंचमुखी हनुमान दद्दा मंदिर प्रांगण में हो रहा है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ ले रहे हैं। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
विशेष बात यह रही कि हनुमान जयंती के पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में श्री राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का भी भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।
कथा के उपरांत प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसादी का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
ग्राम सलैया का यह धार्मिक आयोजन न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना हुआ है, बल्कि सामाजिक एकता और श्रद्धा का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।




