
ब्यूरो पन्ना प्रकाश तिवारी
हनुमान जयंती पर शाहनगर में निकली भव्य शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत, गूंजे जय श्रीराम के जयकारे
शाहनगर।
हनुमान जयंती के पावन अवसर पर गुरुवार की शाम 5 बजे शाहनगर में भव्य और विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धा और उत्साह से भरे इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा की शुरुआत साई मंदिर शिवनगर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई, जहां से भगवान श्री हनुमान जी की आकर्षक झांकी के साथ यात्रा नगर भ्रमण के लिए निकली। शोभायात्रा साई मंदिर से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, अस्पताल चौराहा, हरदौल चौक, बजरंग चौक एवं गांधी चौक जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आगे बढ़ी। पूरे मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और “जय श्रीराम” व “जय बजरंगबली” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
यात्रा में भगवान श्री हनुमान जी की सुंदर झांकियां, भगवा ध्वज, डीजे एवं भक्ति संगीत के साथ युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बढ़-चढ़कर शामिल हुए। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
नगर भ्रमण के पश्चात शोभायात्रा का समापन राम जानकी मंदिर में विधि-विधान के साथ किया गया, जहां भगवान की आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल सहित विभिन्न हिन्दू संगठनों एवं नगरवासियों का विशेष योगदान रहा। आयोजन में शामिल सभी लोगों ने एकजुटता और धार्मिक आस्था का अद्भुत परिचय दिया।