
ब्यूरो रिपोर्ट
दो दुकानों में आग लगने पर व्यापारी संगठन कैट ने बढ़ाया मदद का हाथ,
पीड़ितों को व्यापारियों ने दी 21–21 हजार की नगद सहायता राशि।
बैतूल। शुक्रवार देर रात्रि गंज मंडी में भीषण आग लगने से दो मेहनती फुटकर दुकानदारों की दुकानें जलकर राख हो गईं। वर्षों की मेहनत एक ही रात में खाक हो जाने से दोनों परिवार गहरे आर्थिक संकट में आ गए। समाजसेवी राजेश मदान ने पीड़ितों से संपर्क करके इस घटना की जानकारी व्यापारी संगठन कैट के संभाग अध्यक्ष मंजीत सिंह साहनी एवं जिलाध्यक्ष मनोज भार्गव सहित अन्य व्यापारियों को दी जिस पर उन्होंने तत्काल जिले के सेवाभावी व्यापारियों से पीड़ितों की स्वैच्छिक आर्थिक मदद की अपील की।
इस कठिन घड़ी में रविवार दोपहर 12 बजे कई व्यापारियों ने एकत्रित होकर पीड़ितों की सेवा करके मानवता की सच्ची मिसाल पेश की। व्यापारी संगठन कैट ने निःस्वार्थ भाव से 21–21 हजार की नगद आर्थिक सहायता राशि एकत्र कर पीड़ित दुकानदारों दीपक अमझरे एवं आकाश विश्वकर्मा को सौंपी, ताकि वे फिर से अपने काम को खड़ा कर सकें।
प्रतिष्ठित व्यवसायी मंजीत सिंह साहनी, मनोज भार्गव एवं अन्य दानदाताओं ने कहा, “दान केवल वस्तु या पैसा नहीं है, यह किसी टूटे हुए व्यक्ति को फिर से खड़े होने का साहस देता है।

समाजसेवी राजेश मदान ने बताया कि शास्त्रों में भी कहा गया है कि ‘परहित सरिस धर्म नहिं भाई’ पर पीड़ा सम नहीं अधमाई। जब हम किसी के आँसू पोंछते हैं, और किसी जरूरतमंद की सहायता करते है तो वही दान ईश्वर की सबसे सच्ची पूजा बन जाता है।”
आशीष साहू व अन्य दानदाताओं ने बताया कि यह सहायता किसी एहसान के रूप में नहीं, बल्कि भाईचारे और करुणा के भाव से दी गई है ताकि प्राप्त राशि से दुकानदार जल्द ही अपनी दुकानें फिर से शुरू कर सकेंगे।
पीड़ित दुकानदारों ने जिलाध्यक्ष मनोज भार्गव को बताया कि प्रशासन की ओर से कोई भी अधिकारी अभी तक सर्वे करने नहीं आया।
जबकि व्यापारियों के इस नेक कार्य ने यह सिद्ध कर दिया कि जब समाज और व्यापारी एकजुट होकर मदद करता है, तो कोई भी आपदा इंसान को हरा नहीं सकती।

पीड़ित दुकानदारों की आर्थिक सहायता करने वालों में प्रमुख रूप से कैट के प्रदेश महामंत्री राजीव खंडेलवाल, संभाग अध्यक्ष मंजीत सिंह साहनी, जिलाध्यक्ष मनोज भार्गव, टूटू भार्गव, आशीष साहू, मनोज मेहता, राजू अग्रवाल, धीरज हिरानी, राजू जसूजा, बलवंत मदान, प्रकाश मदान, राजेश मदान, दीपक सलूजा, सुरेश खोसला, फिरोज पटेल, दीपक खुराना, दिलीप गुप्ता, हरिओम अग्रवाल, अशरफ मेनन, बबन आहूजा, राजेश बतरा, विकास जैन, असलम भाई पटेल सहित अन्य कई व्यापारी दिल खोलकर पीड़ित व्यापारियों की मदद में आगे आ रहे हैं व्यापारी संघ कैट के जिला अध्यक्ष मनोज भार्गव ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारी संगठन कैट हर व्यापारी के सुख दुःख में हमेशा साथ खड़ा रहेगा। पीड़ितों को जन प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन की ओर से भी आर्थिक सहायता राशि दिलवाने में पूरी मदद करेगा।




