
धनराज साहू तहसील ब्यूरो
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर एसडीएम श्री अजीत मरावी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा बुधवार को भैंसदेही क्षेत्र में पानी प्लांटों पर सघन जांच एवं कार्रवाई की गई। इस दौरान नगर परिषद अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी पीएचई विभाग श्री निखिल जैन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने पानी केन का विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने एकत्रित किए।

जांच अभियान के तहत 8 अप्रैल को टीम द्वारा साईं एक्वा आरओ, नगर परिषद भैंसदेही पानी प्लांट एवं दादाजी आरओ पानी प्लांट सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 6 पानी के नमूने लिए गए। सभी सैंपल जिला प्रयोगशाला बैतूल भेजे जा रहे हैं, जहां जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद द्वारा संबंधित संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा टीम ने बर्फ निर्माण करने वाले आईवी एक्वा प्लांट का भी निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं स्वच्छता मानकों की जांच की। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सीएम राइज स्कूल भैंसदेही में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर स्कूली बच्चों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान एवं उससे होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।