
ब्यूरो रिपोर्ट
सतपुड़ा ताप विद्युत गृह, सारनी में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम “व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक उत्कृष्टता (Personal and Professional Excellence)” विषय पर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 200 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की, जिन्हें टीम बिल्डिंग, इंटीग्रिटी एवं ओनरशिप तथा वर्क-लाइफ बैलेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस प्रशिक्षण सत्र का संचालन भोपाल की प्रसिद्ध कॉरपोरेट ट्रेनर, काउंसलर एवं लाइफ कोच श्रीमती मनीषा आनंद द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों को आत्मविकास, जिम्मेदारी और कार्य-जीवन संतुलन के व्यावहारिक पहलुओं पर प्रेरणादायक मार्गदर्शन दिया।
समापन कार्यक्रम में मुख्य अभियंता संसाधन श्री एस के लिलहोरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि “इस प्रकार के प्रशिक्षण कर्मचारियों में उत्तरदायित्व (Responsibility) और जवाबदेही (Accountability) की भावना को मजबूत करते हैं, जिससे कार्य निष्पादन की गुणवत्ता में सुधार होता है।”
कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) श्री दीपक कश्यप ने टीम वर्क को मज़बूत करने की आवश्यकता पर ज़ोर देते हुए कहा कि संगठनों की सफलता में समन्वित प्रयासों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
कंपनी के प्रबंध संचालक श्री मनजीत सिंह ने ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की निरंतरता पर बल देते हुए कहा कि “व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास के लिए इस तरह के कार्यक्रम आवश्यक हैं और इन्हें समय-समय पर आयोजित किया जाना चाहिए।”
निदेशकगण श्री सुबोध निगम एवं श्री मिलिंद भांदक्कर ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता पर कंपनी व विद्युत गृह के प्रशिक्षण प्रकोष्ठ को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का आयोजन सुश्री वर्तिका गुरबानी, कार्मिक अधिकारी जबलपुर द्वारा किया गया। आयोजन की सफलता में श्रीमती खुशबू शर्मा, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) की प्रमुख भूमिका रही।
डॉ. अशोक तिवारी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (प्रशिक्षण) ने सभी प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे इस प्रशिक्षण में प्राप्त सुझावों एवं ज्ञान को अपने दैनिक कार्य एवं जीवन में लागू करें। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए विद्युत गृह में पदस्थ समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




