
ब्यूरो रिपोर्ट
जिले में जनगणना 2027 के तहत कार्यवाही प्रारंभ हो गई है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने जानकारी देते हुए बताया कि आम नागरिकों के लिए स्व-गणना पोर्टल 16 अप्रैल से खोल दिया गया है, जो 30 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगा। इस अवधि में नागरिक स्वयं स्वैच्छिक रूप से अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने बताया कि उन्होंने स्वयं पोर्टल पर अपना फॉर्म भरा है, जो बेहद सरल और उपयोगकर्ता अनुकूल है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया सुरक्षित है और इसे हिंदी, अंग्रेजी सहित 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है, जिससे हर वर्ग के लोग आसानी से इसका उपयोग कर सकें। किसी भी परिवार का सदस्य मात्र 5 से 10 मिनट में पूरी प्रक्रिया पूर्ण कर सकता है।
उन्होंने बताया कि प्रक्रिया पूर्ण होने पर नागरिकों को स्व-गणना पहचान संख्या SE ID उनके मोबाइल या ई-मेल पर प्राप्त होगी। यह SE ID प्रगणक द्वारा सत्यापन के समय प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। यदि यह आईडी मौजूदा रिकॉर्ड से मेल खाती है, तो जानकारी को सत्यापित कर स्वीकार कर लिया जाएगा। वहीं यदि मिलान नहीं होता है, तो प्रगणक द्वारा नई जानकारी एकत्रित की जाएगी, जिससे डेटा की शुद्धता सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 30 अप्रैल से पहले https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज करें। साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों से भी आग्रह किया है कि वे जनजागरूकता बढ़ाएं और अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें।




