
ब्यूरो रिपोर्ट
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने बुधवार को प्रभात पट्टन क्षेत्र के ग्रामों के भ्रमण के दौरान प्राथमिक शाला जामुनढाना का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाजिरी रजिस्टर का अवलोकन कर छात्रों की उपस्थिति, पाठ्यपुस्तक वितरण एवं मिड-डे मील की व्यवस्था की जानकारी ली।
स्कूल में व्यवस्थाएं संतोषजनक न मिलने पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासन एवं जनभागीदारी के सहयोग से स्कूलों का समग्र वातावरण बच्चों के लिए आकर्षक बनाया जाए। उन्होंने डेस्क-बेंच की पर्याप्त व्यवस्था, स्कूल भवन का रंगरोगन तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों के लिए उपलब्ध रुचिपूर्ण पुस्तकों को अलमारी में बंद रखने के बजाय व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित करने और उनके अध्ययन के लिए प्रेरित करने को कहा। खेलकूद गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश भी शिक्षकों को दिए।वोइसके पश्चात कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर कुपोषित बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के पंजीयन तथा पोषण आहार वितरण की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी में प्रदान किए जा रहे भोजन को चखकर उसकी गुणवत्ता भी परखी।
निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी भवन जर्जर स्थिति में पाए जाने तथा छत से पानी रिसाव की समस्या सामने आने पर कलेक्टर डॉ सोनवणे ने भवन की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी में शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की। पानी का स्थायी स्रोत नहीं होने पर जल जीवन मिशन के तहत स्कूल और आंगनवाड़ी में जल स्रोत विकसित कर नियमित पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जनपद सीईओ आंचल पवार, तहसीलदार संजय बैरिया, तहसीलदार यशवंत गिन्नारे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



