
ब्यूरो रिपोर्ट
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने कलेक्ट्रेट में आयोजित समयसीमा बैठक में जिले की विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल संकट से प्रभावित ग्रामों में जहां ट्यूबवेल और हैंडपम्प स्वीकृत कर उनके कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाएं, ताकि आमजन को परेशानी न जाएं।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने राजस्व अधिकारियों को भू-अर्जन एवं अन्य राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध कॉलोनियों पर सख्त कार्रवाई करने और ऐसी कॉलोनियों की सूची रजिस्ट्री कार्यालय में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन सतर्क रह सके। जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने शत-प्रतिशत शासकीय कर्मचारियों की स्व-गणना पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पीएम राहत एवं हिट एंड रन प्रकरणों की समीक्षा कर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ सोनवणे ने कहा कि सभी शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से राजस्व विभाग में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की शिकायतों पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अवैध शराब के विक्रय और परिवहन पर निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही नगरीय निकायों में भविष्य की जल आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए समग्र जल आपूर्ति योजना तैयार करने तथा जल संसाधन विभाग के साथ समन्वय बनाकर एकीकृत कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने जनपदों में हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि केवल राशि आहरण कर कार्य अधूरा या मानकहीन नहीं होना चाहिए। सभी निर्माण कार्यों का सोशल ऑडिट अनिवार्य रूप से कराया जाए, अन्यथा संबंधित जनपद सीईओ के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए स्थापित कंट्रोल रूम का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने, शिकायतों का त्वरित निराकरण करने तथा एसडीएम और जनपद सीईओ द्वारा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबल पंजीयन के लंबित आवेदनों का अभियान चलाकर निराकरण करने और शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने राशन दुकानों के निरीक्षण के लिए एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न मिलने में किसी प्रकार की बाधा न हो। जिन लोगों के जाति प्रमाण पत्र नहीं बने हैं, उनका सर्वे कर अभियान चलाकर प्रमाण पत्र बनवाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने जर्जर स्कूल भवनों की सूची तैयार करने, निष्क्रिय खातों में पड़ी राशि की जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने तथा बैंकिंग सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में बैंक स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग को संस्थागत प्रसव और टीकाकरण में प्रगति लाने, स्कूल शिक्षा विभाग को साइकिल, गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनजातीय कार्य विभाग को स्मार्ट क्लास एवं कंप्यूटर लैब क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने छात्रावासों में पोषण मानकों के अनुरूप भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने, अधीक्षकों के लिए क्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित करने तथा छात्रावास संचालन के लिए एसओपी प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी पोषण पुनर्वास केंद्रों का बेहतर संचालन कर 100 प्रतिशत ऑक्युपेंसी सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहें।





