
ब्यूरो रिपोर्ट
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट में खनिज, श्रम एवं वन विभाग की जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी स्थिति में खनिज का अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण नहीं हो। इसके लिए खनिज, राजस्व, पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि संयुक्त कार्रवाई के लिए एक स्थायी (स्टैंडिंग) प्रोटोकॉल तैयार किया जाए, ताकि नियमित और प्रभावी कार्रवाई हो सके।
उन्होंने अवैध माइनिंग में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। साथ ही अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों के विरुद्ध भी सख्ती से कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही ईट भट्टे के संचालन में अवैध रूप से कोयला का उपयोग करने वालों के विरुद्ध भी कार्यवाही करें।
बैठक में वन विभाग से संबंधित लंबित अतिक्रमण एवं विस्थापन प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने इन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भारतीय वन अधिनियम की धारा 5 से 17 के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।
इसके अलावा वन ग्रामों से जुड़े दावे-आपत्तियों के प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए सभी स्तरों पर त्वरित और पारदर्शी निराकरण के निर्देश दिए गए। वन क्षेत्र में अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर भी गंभीरता से कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने कहा कि बाल श्रमिकों का नियोजन कहीं भी न हो, श्रम विभाग और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से कार्यवाही सुनिश्चित कराएं।
बैठक में डीएफओ श्री नवीन गर्ग, डीएफओ श्री अरिहंत कोचर, अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, जिला खनिज अधिकारी श्री मनीष पालीवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।




