
ब्यूरो रिपोर्ट
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने भैंसदेही के ग्रामों का किया सघन भ्रमण, जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन का लिया जायजा
भैंसदेही विकासखंड के ग्राम टेमुरनी एवं झल्लार के दौरे पर पहुंचे कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे ने गुरुवार को राशन दुकान, आंगनवाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय एवं निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्राम टेमुरनी में कलेक्टर डॉ सोनवणे ने ग्राम पंचायत भवन में संचालित राशन वितरण दुकान का निरीक्षण करते हुए स्टॉक का मिलान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि राशन दुकान निर्धारित दिनों पर अनिवार्य रूप से संचालित हो तथा सभी पात्र हितग्राहियों को सुचारू रूप से राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पंचायत भवन की मरम्मत कराने एवं निर्माणाधीन भवन को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्राम में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण कराने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने अधिकारियों के साथ ग्राम का भ्रमण कर ग्रामीणों से पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए। स्कूल भवन में तराई नहीं होने की शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें मिलने वाले नाश्ते व भोजन की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित की। स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी रजिस्टर, एनसीडी ऐप और दवाओं के स्टॉक का निरीक्षण कर प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला झल्लार के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिक्षकों की उपलब्धता, गणवेश एवं छात्रवृत्ति वितरण तथा कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम की समीक्षा की। अपेक्षाकृत कम परिणाम पर विषयवार शिक्षकों से कारण पूछे और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर रणनीति बनाकर तिमाही एवं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कराई जाए तथा आधारभूत शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। आगामी परिणाम 90 प्रतिशत से कम न रहने का लक्ष्य निर्धारित करने को कहा। असामाजिक तत्वों की शिकायत पर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने झल्लार में नवनिर्मित सीनियर बालक छात्रावास का निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के बाद ही हैंडओवर लेने के निर्देश दिए। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर ओपीडी, मेडिकल वेस्ट रजिस्टर एवं संस्थागत प्रसव की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा निमोनिया से बचाव संबंधी जागरूकता वीडियो तैयार कर एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्रसारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को परिवार नियोजन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम श्री अजीत मरावी, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।





