
ब्यूरो रिपोर्ट
घोड़ाडोंगरी तहसील स्थित सतपुड़ा ग्राउंड में 30 अप्रैल को आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के दौरान एक अप्रत्याशित घटना सामने आई। दोपहर लगभग 12 बजे ध्वनि विस्तारक वाहन के ब्रेक में तकनीकी खराबी आ जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया, जिससे समारोह में शामिल वर राहुल सरोडे एवं उनके परिजन अनुज सरोडे घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घोड़ाडोंगरी पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकीय परीक्षण में वर राहुल सरोडे को सामान्य चोटें पाई गईं तथा किसी प्रकार का अस्थि-भंग नहीं पाया गया। वहीं अनुज सरोडे के पैर में सूक्ष्म रेखीय लघु अस्थि-भंग की पुष्टि हुई, जिस पर तत्काल प्लास्टर चढ़ाया गया।
इसके पश्चात उन्हें जिला चिकित्सालय में पुनः परीक्षण कराने की सलाह दी गई। जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों द्वारा जांच के दौरान अस्थि-भंग को गंभीर नहीं पाया गया तथा प्लास्टर की आवश्यकता नहीं बताई गई। दोनों को सामान्य स्थिति में पाए जाने पर रात्रि तक चिकित्सकीय पर्यवेक्षण में रखने के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना के संबंध में स्थानीय थाना में तत्काल प्रथम सूचना प्रतिवेदन एफआईआर दर्ज कर लिया गया है तथा संबंधित वाहन को पुलिस द्वारा मौके से हटाया गया है।





