
ब्यूरो रिपोर्ट
राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा बुधवार को भीमपुर में आयोजित राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 कार्यक्रम के दौरान अत्याधुनिक सिकल सेल एनीमिया एवं थैलेसीमिया जांच मशीन “गजेल” का शुभारंभ किया गया। यह मशीन जनजातीय बाहुल्य भीमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्थापित की जाएगी।
नोडल अधिकारी सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन डॉ अंकिता सीते ने राज्यपाल श्री मंगुभाई को बताया कि यह आधुनिक मशीन सिकल सेल एनीमिया एवं थैलेसीमिया जैसी आनुवांशिक रक्त संबंधी बीमारियों की त्वरित एवं सटीक जांच में सहायक होगी। मशीन के माध्यम से लगभग 10 मिनट में जांच परिणाम प्राप्त किए जा सकेंगे, जिससे समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित हो सकेगा।

“गजेल” मशीन अत्याधुनिक त्वरित जांच तकनीक आधारित सुविधा है, जिसे भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) से मान्यता प्राप्त है तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) द्वारा अनुमोदित किया गया है। मशीन की सहायता से कम समय में अधिक मरीजों की जांच संभव होगी तथा डिजिटल एवं स्वचालित रिपोर्ट प्रणाली के माध्यम से जांच प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बनेगी।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा मशीन की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की जानकारी भी दी जाएगी। यह पहल विशेष रूप से जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन अभियान को गति प्रदान करेगी। “समय पर पहचान, बेहतर उपचार और सुरक्षित भविष्य” की अवधारणा के साथ यह आधुनिक स्वास्थ्य तकनीक जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाएगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जनजातीय मामले श्री दुर्गादास उईके, उपाध्यक्ष जन अभियान परिषद श्री मोहन नागर, विधायक भैंसदेही श्री महेंद्र सिंह चौहान, विधायक घोड़ाडोंगरी श्रीमती गंगाबाई उईके, सदस्य अनुसूचित जनजाति आयोग श्री मंगल सिंह धुर्वे, आयुक्त नर्मदापुरम श्री श्रीकांत बनोठ, पुलिस महानिरीक्षक श्री मिथलेश कुमार शुक्ला, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्री हंसराज धुर्वे, अध्यक्ष जनपद पंचायत भीमपुर श्री भैयालाल इरपाचे, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत भीमपुर श्रीमती प्रेमलता कास्दे , सरपंच ग्राम पंचायत भीमपुर श्री मानसिंह नर्रे तथा कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।






