
ब्यूरो रिपोर्ट
पंजाबी कृष्ण मंदिर में फिर टूटा दानपात्र, नकदी चोरी
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बैतूल। शहर के राजेन्द्र वार्ड गंज स्थित प्राचीन श्री कृष्ण पंजाबी मंदिर में चोरों ने दानपात्र तोड़कर नकदी चोरी कर ली। घटना मंगलवार सुबह सामने आई, जब मंदिर के पुजारी पंडित धर्मेन्द्र शर्मा पूजा के लिए पहुंचे। उन्होंने देखा कि दानपात्र टूटा पड़ा है और उसमें रखी दान राशि गायब है। मामले की शिकायत गंज थाने में दर्ज कराई गई है।
पंडित धर्मेन्द्र शर्मा ने पुलिस को बताया कि वे पिछले 40 वर्षों से मंदिर में पूजा-पाठ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक साल पहले भी इसी तरह दानपात्र तोड़कर चोरी की घटना हुई थी। उस समय भी पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन अब दोबारा हुई चोरी से मंदिर समिति और श्रद्धालुओं में नाराजगी है।
श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति के मीडिया प्रभारी राजेश मदान ने बताया कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से भक्तों की आस्था प्रभावित हो रही है। समिति अध्यक्ष दीपक खुराना और दीपक सलूजा ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने पर भी चर्चा चल रही है।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि बड़ी राशि दानपात्र में डालने के बजाय ऑनलाइन दान को प्राथमिकता दें।





