
ब्यूरो रिपोर्ट
जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित आरोह-2026 ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन 30 मई को किया गया। इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम बैतूल में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बैतूल विधायक व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उइके, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार उपस्थित रहे। इस अवसर पर बच्चों के लिए सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गई। वहीं प्रशिक्षण शिविर में शामिल नन्हें और युवा खिलाड़ियों की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।

मुख्य अतिथि विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि जिले में राष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान के लिए प्रयास जारी है।

उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करने का सशक्त मंच है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी क्षमता पहचानने तथा प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत से खिलाड़ी अपने लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं तथा जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती पूजा कुरील ने बताया कि म.प्र. शासन खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2026 में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर को एक नये स्वरूप में आयोजित किया गया। ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आरोह 2026 थीम के साथ आयोजित किए गए जिसमें 7 घटक निर्धारित थे फिट इंडिया मूवमेंट, व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक एवं मनोरंजन, खेल गतिविधियां, पारिवारिक सहभागिता, सामुदायिक सहभागिता एवं सामाजिक जागरूकता। बच्चों को खेल गतिविधियों के साथ इन घटकों में भी अपनी सहभागिता करनी थी एवं अपने परिवार की भी सहभागिता करनी थी।

उन्होंने बताया कि बैतूल जिले में 1 मई से 30 मई 2026 तक आरोह 2026 का आयोजन जिला मुख्यालय पर 8 खेलों- हॉकी, कराते, कबड्डी, फुटबॉल, बास्केटबॉल, खो-खो, वेटलिफ्टिंग एवं योगासन में एवं समस्त विकासखण्डों मुख्यालय पर प्रचलित 2-2 खेलों में किया गया। विभाग द्वारा जिला मुख्यालय एवं विकासखण्ड मुख्यालय पर प्रति सप्ताह के अंत में साप्ताहिक गतिविधि का आयोजन कराया गया। जिसमें बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जुम्बा गतिविधि, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, यातायात सुरक्षा, व्यक्तित्व विकास हेतु नेतृत्व क्षमता आयोजित की गई। इस अवसर पर जिले के खेल प्रेमी, अभिभावक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।



