
ब्यूरो रिपोर्ट
➡️ कलेक्टर ने चिखलीकला माध्यमिक शाला का किया निरीक्षण
➡️ विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद, मध्यान भोजन की गुणवत्ता परखी
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को मुलताई तहसील की ग्राम पंचायत चिखलीकला स्थित शासकीय माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया तथा विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने विद्यार्थियों से गुणा-भाग एवं पहाड़े पूछकर उनकी शैक्षणिक दक्षता परखी। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई के साथ-साथ उनकी विशेष प्रतिभाओं एवं खूबियों की जानकारी ली और उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने शिक्षकों से चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को ओलंपियाड प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराए जाने की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों से भी चर्चा कर उनके अध्ययन एवं उपलब्धियों की जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य से कक्षाओं में स्मार्ट टीवी की उपलब्धता, उसके उपयोग तथा विद्यालय में पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान विद्यालय की पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण भी किया।
उन्होंने विद्यालय में पदस्थ फिजिक्स शिक्षक से विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार कराने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय मीन्स कम मेरीट छात्रवृत्ति परीक्षा की गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास एवं बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।
विद्यालय का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने डेस्क, विद्युत व्यवस्था, शौचालय सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा बाउंड्री वॉल निर्माण से पूर्व सीमांकन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे भोजन के निर्धारित मेनू की जानकारी ली तथा स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता परखी। भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने सराहना की तथा गुणवत्ता निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्य पालन अधिकारी श्रीमती इंदिरा महतो, डिप्टी कलेक्टर कामिनी ठाकुर, मुलताई एसडीएम श्री राजीव कहा र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



