
ब्यूरो रिपोर्ट
संस्कार कांवड़ यात्रा एवं गुप्तेश्वर शाही सवारी यात्रा के दौरान स्कूली विद्यार्थियों को स्कूल आने और जाने में होने वाली कठिनाइयों के मद्देनजर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने सोमवार 10 अगस्त को नगर निगम क्षेत्र जबलपुर में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई एवं आईसीएसई विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है।
संस्कार कांवड़ यात्रा सोमवार 10 अगस्त को सुबह 7 बजे ग्वारीघाट स्थित सिद्धघाट से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पनागर तहसील के ग्राम मटामर स्थित भगवान नर्मदेश्वर भोलेनाथ मंदिर (कैलाशधाम) तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान शहर में व्यापक यातायात प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए नगर निगम क्षेत्र में संचालित सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिये अवकाश घोषित करने का यह निर्णय लिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने इस बारे में जारी आदेश में स्पष्ट किया है कि अवकाश के कारण प्रभावित होने वाले शैक्षणिक पाठ्यक्रम की भरपाई आगामी कार्यदिवसों में अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर की जायेगी।






