
ब्यूरो रिपोर्ट
संत रविदास जी के विचार जन-जन तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य – डा. पंडाग्रे
सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के तहत पत्रकारवार्ता संपन्न
बैतूल। संत शिरोमणि श्री रविदास जी महाराज के 650 वीं जयंती वर्ष के अंतर्गत सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के निमित्त पत्रकारवार्ता का आयोजन जिला भाजपा कार्यालय विजय भवन में आयोजित किया गया पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता एवं आमला विधायक डा.योगेश पंडाग्रे ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650 वीं जयंती के अवसर पर प्रारंभ किया जा रहा समरसता संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का व्यापक आंदोलन है। यह अभियान गुरु पूर्णिमा से प्रारंभ होकर संत रविदास जी की जयंती तक सात माह तक चलेगा। भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान के तहत संत रविदास जी के विचारो को जन जन तक मंडल और गांव के रास्ते लेकर जाएंगे। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज ने अपने समय में समाज में व्याप्त कटुता और भेदभाव को समाप्त कर समरसता, समानता, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया था। संत रविदास जी ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का मार्ग दिखाया। हम सभी का दायित्व है कि उनके विचारों को केवल स्मरण करने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने जीवन और सामाजिक व्यवहार में आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक समरसता को निरंतर बढ़ावा देती है। पार्टी की मूल भावना ही समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सम्मान एवं अवसर देने की है। भाजपा कार्यकर्ता संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलते हुए जनता की सेवा और राष्ट्र के परम वैभव के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। पत्रकारवार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत गुरुपूर्णिमा से और समापन भी गुरु के स्मरण के साथ होना संत रविदास जी की महान संत परंपरा के प्रति हमारी श्रद्धा को दर्शाता है। श्री पवंार ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ संवाद स्थापित कर संत रविदास जी के समरसता के विचारों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता तथा समानता के आधार पर एकजुट होने का मार्ग दिखाया। आज जब देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, तब सामाजिक एकता और समरसता उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। भाजपा का स्पष्ट मत है कि जब समाज एकजुट और समरस होगा, तभी राष्ट्र मजबूत होगा। इसलिए भाजपा केवल राजनीतिक संगठन के रूप में नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने वाले संगठन के रूप में कार्य कर रही है। श्री पंवार ने बताया कि जिला मुख्यालय से कलश वितरण के बाद मंदिरों में विधि-विधान से कलश स्थापित कर पूजन, भजन एवं संत रविदास जी के जीवन और विचारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अगले चरण में छात्रावास संपर्क अभियान के माध्यम से अनुसूचित जाति-जनजाति के छात्रावासों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में युवाओं के बीच संत रविदास जी के जीवन और विचारों को पहुंचाया जाएगा कि अभियान के अंतर्गत संत संपर्क, कलश वंदन, छात्रावास संपर्क और समरसता यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। पत्रकारवार्ता के दौरान मंच पर अभियान के जिला टोली के सदस्य जगदीश पंवार , किशोर बरदे, जिला मीडिया प्रभारी सूर्यदीप त्रिवेदी मंचासीन रहे।



