
ब्यूरो रिपोर्ट
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने गुरुवार को ग्राम पंचायत टेमनी एवं बडोरा का निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। ग्राम पंचायत टेमनी में आजीविका पार्क एवं उद्योग स्थापित किए जाने के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली तथा स्थल विकास से संबंधित आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम पंचायत बडोरा में प्रारंभ आंगनवाड़ी भवनों के लिए प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सचिव, उपयंत्री एवं सहायक यंत्री को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए और कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने बडोरा पंचायत क्षेत्र में क्षतिग्रस्त आंगनवाड़ी एवं स्कूल भवनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत एवं सुधार कार्य के लिए तत्काल स्टीमेट तैयार कर एक सप्ताह के भीतर आवश्यक सुधार कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पंचायत क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी प्रगतिरत निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराया जाए।