
कुलदीप साहू
सारनी/आमला (बैतूल)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के अंतर्गत सारनी क्षेत्र में कल दिनदहाड़े हुए एक जानलेवा हमले के मामले में आज एक बेहद सनसनीखेज और रहस्यमयी मोड़ आ गया है। एमपीपीजीसीएल (MPPGCL) प्लांट के ठेका कर्मचारी पर हमला कर फरार हुए 51 वर्षीय मुख्य आरोपी दिलीप बगाहे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वह आज सुबह आमला थाना क्षेत्र के एक खेत में गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ अवस्था में पाया गया था।
दिनदहाड़े ठेका कर्मी पर किया था जानलेवा हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल सुबह सारनी के वार्ड क्रमांक 23 में एमपीपीजीसीएल प्लांट के ठेका कर्मचारी गुलाब राव बछले पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला किया गया था। इस वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी दिलीप बगाहे पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
बोरी चौराहे के पास खेत में तड़पता मिला आरोपी
आज सुबह आमला थाना क्षेत्र के बोरी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय ग्रामीणों ने चौराहे के अंदर एक खेत में एक व्यक्ति को खून से लथपथ और तड़पते हुए देखा। घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना आमला पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शिनाख्त की, तो वह व्यक्ति कोई और नहीं बल्कि कल से फरार चल रहा आरोपी दिलीप बगाहे ही था। उसके गले और पेट पर चाकू से वार किए जाने के गहरे निशान थे।
आमला से बैतूल रेफर, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलते ही आमला पुलिस की टीम बिना समय गंवाए तत्काल मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में दिलीप बगाहे को उठाकर आमला चिकित्सालय ले गई। अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी। आमला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत जिला चिकित्सालय बैतूल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, बैतूल पहुंचने पर डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में आया रहस्यमयी मोड़, पुलिस जांच में जुटी
एक दिन पहले जानलेवा हमला करने वाले आरोपी का इस तरह गले और पेट पर चाकू के गहरे घावों के साथ मिलना और अस्पताल में मौत हो जाना, इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बना रहा है। आरोपी ने खुद पर हमला किया या किसी और ने उस पर रंजिशन वार किया, इस बात का खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर एंगल से गहन जांच शुरू कर दी है।



