
आमला पुलिस की कार्रवाई
🔹धर्मांतरण संबंधी गतिविधि के आरोप में 05 आरोपी गिरफ्तार, धार्मिक साहित्य एवं दस्तावेज जब्त
🔹पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन द्वारा बैतूल जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश पर आमला पुलिस द्वारा धर्मांतरण संबंधी गतिविधि के आरोप में 05 आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई हैं।
🔹दिनांक 15 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि भीमनगर बोड़खी क्षेत्र में गणपत सोनवाने के घर पर बैठक एवं प्रार्थना सभा आयोजित कर धर्मांतरण संबंधी गतिविधि की जा रही है। सूचना की तस्दीक हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री कमलेश खरपुसे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मुलताई श्री एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आमला एवं पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया।
🔹मौके पर पुलिस टीम को गणपत सोनवाने सहित कुल 05 व्यक्ति उपस्थित मिले। पूछताछ एवं घर की तलाशी के दौरान धार्मिक साहित्य, पुस्तिकाएं/पैम्फलेट, सहमति पत्र एवं विभिन्न संस्थाओं को लिखे गए पत्र आदि दस्तावेज प्राप्त हुए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों में संलिप्तता स्वीकार की गई।
🔹मामले में थाना आमला में अपराध क्रमांक 371/26, धारा 3, 5 मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम तथा धारा 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। कार्रवाई के दौरान गणपत सोनवाने के घर से धार्मिक साहित्य एवं संबंधित दस्तावेज तथा अन्य आरोपियों के मोबाइल फोन विधिवत जब्त किए गए।
🔹 गिरफ्तार आरोपीगण
1. गणपत पिता शोभना सोनवाने, उम्र 43 वर्ष, निवासी भीमनगर बोड़खी, थाना आमला, जिला बैतूल।
2. इनोस उर्फ एनोस पिता हारून जोनाथन, उम्र 34 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15, पटेल टोला, बरघाट, जिला सिवनी।
3. रमेश पिता मधुकर अतुलकर, उम्र 40 वर्ष, निवासी दुर्गा वार्ड क्रमांक 3, हमलापुर, बैतूल।
4. भावराव पिता कलीराम चंदेलकर, उम्र 34 वर्ष, निवासी जुनापानी, थाना साईखेड़ा, जिला बैतूल।
5. सुनील पिता कृष्णा नागले, उम्र 50 वर्ष, निवासी सोमगढ़, थाना मुलताई, जिला बैतूल।
पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण की विवेचना जारी है।
🔹 महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक मुकेश ठाकुर, उपनिरीक्षक नितिन उईके, उपनिरीक्षक अवधेश वर्मा, प्रधान आरक्षक 292 बसंत उईके, प्रधान आरक्षक 452 विवेक टेटवार, आरक्षक 72 रोहन, आरक्षक 634 सचिन एवं आरक्षक 641 पलक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
🔹 पुलिस अधीक्षक बैतूल की अपील
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों से अपील की है कि सभी नागरिक अपने-अपने धार्मिक विश्वासों एवं आस्थाओं का शांतिपूर्वक पालन करें तथा किसी भी व्यक्ति की धार्मिक स्वतंत्रता में हस्तक्षेप न करें। किसी व्यक्ति को प्रलोभन, दबाव, भय अथवा अनुचित प्रभाव के माध्यम से धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने संबंधी गतिविधि की जानकारी प्राप्त होने पर स्वयं कानून हाथ में न लें, बल्कि तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस को सूचित करें।
🔹पुलिस द्वारा कानून के दायरे में प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले में शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।





