
राहूल बाबा और कांग्रेसी कर रहे एंटी नेशनल बातें – राजा पंवार
संवैधानिक संस्थाओं पर लगाए आरोप पर संपन्न हुई प्रेसवार्ता
बैतूल। जिला भाजपा कार्यालय विजय भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में चर्चा करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार ने कहा कि राहुल बाबा और कांग्रेसी नेता एंटी-बीजेपी नहीं, एंटी-नेशनल बातें करते हैं। कांग्रेस लोकतंत्र की मर्यादा को बार-बार लांघने का काम कर रही है और कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए कि जनता उसे लगातार क्यों नकार रही है। श्री पंवार ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना उचित नहीं है। राजनीतिक असफलता का ठीकरा कांग्रेस और राहूल बाबा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ रहे है।

कैबिनेट सेक्रेटरी को भेजे गए पत्र को लेकर भी विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाया गया। चुनाव आयोग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह पत्र किसी नीतिगत विषय अथवा एसआईआर से संबंधित नहीं था, बल्कि प्रतिनियुक्ति पर आए एक अधिकारी की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से संबंधित आंतरिक मामला था। चुनाव आयोग को लेकर भ्रम फैलाने पर राहुल गांधी को माफी मांगना चाहिए, क्योंकि चुनाव आयोग के संयुक्त बयान से कांग्रेस के झूठ और भ्रम की राजनीति बेनकाब हो गई है। हर पात्र नागरिक का मताधिकार सुनिश्चित करना आयोग की प्राथमिकता में शामिल रहता है। राहुल गांधी हार की हताशा में संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की राजनीति कर रहे हैं।
एसआईआर पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश और चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण से कांग्रेस के दुष्प्रचार का सारा खेल फेल हो गया है। श्री पंवार ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी संवैधानिक संस्थाओं को नहीं मानती थी और आज भी नहीं मानती है। श्री पंवार ने कहा कि एक ही प्रक्रिया को अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग नजरिए से देखने से कंाग्रेस की मंशा पर प्रश्न खड़े होते हैं।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस को केरल में सत्ता मिल गई तो एसआईआर सही थी, हिमाचल में सत्ता मिली तो सही थी, वहीं तमिलनाडु में 50 साल से सत्ता से बाहर है, वहां भाजपा नहीं डीएमके और एआईडीएमके वर्षों से है, वहीं बंगाल में वामपंथियों का कब्जा रहा, तब एसआईआर को लेकर राहुल गांधी मौन क्यों रहे। पत्रकारांे के सवाल पर श्री पंवार ने कहा कि पात्र नागरिकों को मताधिकार सुनिश्चित करने तथा मतदाता सूची को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया में निर्वाचन आयोग अपनी संवैधानिक भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्णयों को लेकर यदि किसी राजनीतिक दल को आपत्ति है तो संवैधानिक और न्यायिक रास्ते खुले हैं।

श्री पंवार ने बताया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक असफलताओं से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए जनता के मन में भ्रम और अविश्वास पैदा करने का प्रयास कर रही है। लेकिन अब चुनाव आयोग ने स्वयं इस पूरे मामले पर स्पष्ट स्थिति सामने रख दी है। 26 सितम्बर को चुनाव आयोग की बैठक हुई और यह स्पष्ट किया गया कि देश भर में चल रही एसआईआर किसी एक व्यक्ति का निर्णय नहीं, यह मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों द्वारा सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय है, ऐसे में राहुल बाबा और कांग्रेसी किस आधार पर इस मुद्दे को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा गायकी, जिला मीडिया प्रभारी सूर्यदीप त्रिवेदी उपस्थित रहे।



