
आमला बोड़खी माथनकर लॉन में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के दौरान उस समय उत्साह और बढ़ गया, जब पूर्व डिप्टी कलेक्टर श्रीमती निशा बांगरे विशेष रूप से कथा प्रांगण में उपस्थित हुईं। उनके आगमन पर आयोजकों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस पावन अवसर पर श्रीमती निशा बांगरे ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष श्री अजय सोलंकी, सचिव विजय सोलंकी तथा महेंद्र मानकर के साथ कथा में बैठकर संगीतमय शिव महापुराण का आनंद लिया और कथा वाचक पूज्या श्री भुनेश्वरी देवी के मुख्वानी से श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कथा विश्राम के उपरांत श्रीमती निशा बांगरे एवं अन्य अतिथियों ने व्यासपीठ पर जाकर पूज्य कथा व्यास का पूजन कर माल्यार्पण किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
पत्रकारों एवं श्रद्धालुओं से चर्चा करते हुए पूर्व डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे ने कहा कि शिव पुराण कथा मनुष्य को सही मार्ग पर चलने और मन में शांति एवं भक्ति जगाने की प्रेरणा देती है। धार्मिक अनुष्ठान समाज में बंधुत्व और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
इस अवसर पर कथा व्यास द्वारा श्रीमती निशा बांगरे सहित उपस्थित सभी अतिथियों को शिव महिमा का स्मरण कराते हुए सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में भव्य महाआरती संपन्न हुई और सभी उपस्थित जनसमुदाय में महाप्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।




