
जिले में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं कार्यों के क्रियान्वयन में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने पर 8 पटवारियों को निलंबित किया गया है। संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) द्वारा निलंबन आदेश जारी किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैतूल ग्रामीण तहसील के पटवारी श्री राजेंद्र इरपाचे, बैतूल नगर तहसील के पटवारी श्री विश्वामित्र सोनी तथा चिचोली तहसील के पटवारी श्री पांडुरंग देशमुख को फसल गिरदावरी, फॉर्मर आईडी, वसूली एवं सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न शासकीय कार्यों में उदासीनता एवं लापरवाही बरतने पर एसडीएम बैतूल डॉ. अभिजीत सिंह द्वारा निलंबित किया गया है।
इसी प्रकार आमला तहसील के पटवारी श्री विजय धुर्वे को स्वामित्व योजना के निष्पादन एवं पंजीयन कार्य में लापरवाही बरतने पर एसडीएम आमला कामिनी ठाकुर द्वारा निलंबित किया गया है।
पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर प्रभात पट्टन तहसील के पटवारी श्री लालसिंह इवने को एसडीएम मुलताई द्वारा निलंबित किया गया है। शाहपुर तहसील के पटवारी श्री राजेंद्र बैठे को प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही पर एसडीएम शाहपुर द्वारा निलंबित किया गया है।
वहीं, आठनेर तहसील के पटवारी श्री संजीव परते एवं श्री रामकिशोर इवने को समग्र आधार ई-केवाईसी कार्य में कम प्रगति पाए जाने पर निलंबित किया गया है।




