
मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के अमरकंटक ताप विद्युत गृह, चचाई में निर्माणाधीन 660 मेगावाट क्षमता की सुपरक्रिटिकल इकाई के निर्माण कार्यों ने गति पकड़ी और इसी के साथ गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला का शुभारंभ भी हुआ।
कंपनी के डायरेक्टर (कमर्शियल) श्री मिलिंद भांदक्कर ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर जारी निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान परियोजना के #MPH फाउंडेशन के प्रथम #RCC कार्य का शुभारंभ भी देखा गया, जो परियोजना के निर्माण कार्यों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
इस अवसर पर परियोजना के लिए BHEL की गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन भी किया गया। यह प्रयोगशाला निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता जांचने, निर्धारित मानकों के अनुपालन और गुणवत्ता आश्वासन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे परियोजना के निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाने में सहयोग मिलेगा।
निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान मुख्यालय, जबलपुर से कार्यपालक निदेशक (इंजीनियरिंग एवं सिविल) श्री वी. के. कैलाशिया, परियोजना उत्पादन विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, अमरकंटक ताप विद्युत गृह, चचाई की ओर से मुख्य अभियंता श्री विजय देब, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (निर्माण) श्री राजीव गुप्ता तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की। BHEL की ओर से निर्माण प्रबंधक श्री विजय कुमार, AGM श्री राजेश कुमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






