
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया विजयादशमी पर्व, सारनी उपनगर में निकला भव्य पथ संचलन
एक सैकड़ा से अधिक स्वयंसेवकों ने लिया सहभागिता में हिस्सा
सारनी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सारनी उपनगर द्वारा 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर्व उत्साह और अनुशासन के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संघ के स्वयंसेवकों ने पथ संचलन निकाला, जिसमें एक सैकड़ा से अधिक स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। पूर्ण गणवेश में कदमताल करते हुए स्वयंसेवकों ने नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर सामाजिक एकता, संगठन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जिला सह संघचालक दशरथ दागे उपस्थित रहें। विजयादशमी पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संघ के विचारों, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना पर प्रकाश डाला गया। स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और निर्धारित मार्ग पर अनुशासित तरीके से पथ संचलन किया।
पथ संचलन शाखा ग्राउंड से प्रारंभ होकर नगरपालिका चौक, शीतला माता मंदिर, सेंट्रल बैंक और शॉपिंग सेंटर सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इसके बाद संचलन वार्ड क्रमांक 5 से होते हुए पुनः शाखा ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में स्वयंसेवकों की अनुशासित कदमताल आकर्षण का केंद्र रहीं।
विजयादशमी का पर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लिए विशेष महत्व रखता हैं। संघ की स्थापना दिवस परंपरा से जुड़े इस उत्सव में संगठन, सामाजिक समरसता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को प्रमुखता दीं जातीं हैं। सारनी में आयोजित पथ संचलन के माध्यम से भी स्वयंसेवकों ने समाज में एकता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की उपस्थिति रहीं। पूरे आयोजन में अनुशासन और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। पथ संचलन के समापन के साथ विजयादशमी पर्व का कार्यक्रम संपन्न हुआ।




