
🔹 दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर पुलिस, होमगार्ड जवानों की तैनाती तथा नाव, रस्से और लाइफ जैकेट सहित आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता जांची।
🔹 पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने एवं सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश।
🔹विजयादशमी एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर बैतूल एवं पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन द्वारा संयुक्त रूप से रावण दहन कार्यक्रम स्थल एवं जिले के प्रमुख दुर्गा प्रतिमा विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, पार्किंग, प्रवेश-निकासी मार्ग तथा विसर्जन स्थलों पर उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

🔹1. रावण दहन स्थल पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन का निरीक्षण
दशहरा पर्व पर लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम, बैतूल में आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम एवं आतिशबाजी के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों के उपस्थित रहने की संभावना को देखते हुए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दशहरा मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान रावण प्रतिमा, कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, दर्शकों की भीड़ को नियंत्रित करने, सुरक्षित प्रवेश एवं निकासी मार्ग, यातायात व्यवस्था तथा वाहनों की पार्किंग के इंतजामों का जायजा लिया गया।

🔹 निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी
संयुक्त निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बैतूल श्री संजय सोनवाने, पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार खरपुसे, एसडीओपी बैतूल सुश्री अन्नपूर्णा सिरसाम, एसडीएम बैतूल सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
🔹पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा प्रवेश एवं निकासी मार्गों को सुचारु रखा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। आतिशबाजी के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
🔹2. दुर्गा प्रतिमा विसर्जन घाटों पर सुरक्षा इंतजामों की जांच
रावण दहन स्थल के निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के प्रमुख दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थलों एवं बड़े विसर्जन घाटों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस एवं होमगार्ड जवानों की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए उपलब्ध संसाधनों की जांच की गई।

🔹अधिकारियों द्वारा विसर्जन स्थलों पर रस्से, नाव, लाइफ जैकेट सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही, संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विसर्जन प्रक्रिया को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
🔹3. अधिकारियों को दिए सुरक्षा के संबंध में आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दशहरा एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं तैयार रखी जाएं। आम नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
🔹4. ड्रोन एवं वीडियोग्राफी के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी
दशहरा पर्व के दौरान रावण दहन कार्यक्रम स्थल, दुर्गा प्रतिमा चल समारोह एवं विसर्जन घाटों पर सुरक्षा की दृष्टि से विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वीडियोग्राफी के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

🔹5. पर्याप्त पुलिस बल तैनात, फिक्स पैकेट एवं पेट्रोलिंग मोबाइल से होगी निगरानी
दशहरा एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रमुख आयोजन स्थलों, दुर्गा प्रतिमा चल समारोह मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं विसर्जन घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए फिक्स पैकेट निर्धारित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पेट्रोलिंग मोबाइल के माध्यम से लगातार गश्त एवं निगरानी की व्यवस्था की गई है। पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर मुस्तैदी से तैनात रहकर भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी गतिविधियों पर नजर रखेंगे। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
🔹 पुलिस की नागरिकों से अपील
बैतूल पुलिस द्वारा जिले के समस्त नागरिकों से अपील की जाती है कि विजयादशमी एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा पर्व को शांति, सद्भाव एवं उत्साह के साथ मनाएं।
🔹 रावण दहन कार्यक्रम के दौरान निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्गों का ही उपयोग करें तथा पुलिस एवं आयोजन समिति के निर्देशों का पालन करें।
🔹 अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
🔹 आतिशबाजी के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा बच्चों को आतिशबाजी वाले स्थानों पर अकेला न छोड़ें।
🔹 दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान घाटों पर सावधानी बरतें। गहरे पानी में जाने, तेज बहाव वाले स्थानों पर उतरने तथा असुरक्षित तरीके से विसर्जन करने से बचें।
🔹 विसर्जन के दौरान नाव, रस्से, लाइफ जैकेट एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों के संबंध में तैनात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। बच्चों को जल स्रोतों के पास अकेला न छोड़ें।
🔹 किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही अपुष्ट जानकारी या भ्रामक संदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित करें।
🔹 किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अव्यवस्था अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें। आवश्यकता पड़ने पर डायल 112 पर संपर्क करें।
बैतूल पुलिस सभी नागरिकों से अपेक्षा करती है कि वे प्रशासन का सहयोग करते हुए त्योहारों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।




