
गांजा तस्करी के प्रकरण में दो साल से फरार दो आरोपी गिरफ्तार
🔹 थाना बैतूल बाजार पुलिस ने लगातार पतारसी कर आरोपियों को पकड़ा
🔹 वर्ष 2024 में 5.846 किलोग्राम गांजा, कीमत लगभग 1.16 लाख रुपये, किया गया था जब्त
🔹 गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जिला जेल बैतूल भेजा गया
🔹पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बैतूल सुश्री अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में थाना बैतूल बाजार पुलिस ने गांजा तस्करी के प्रकरण में पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल बैतूल भेज दिया गया है।
🔹घटना का विवरण
1. दिनांक 21 जुलाई 2024 को थाना बैतूल बाजार पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बैतूल-मुलताई हाईवे पर ग्राम परतापुर स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास एक व्यक्ति पिट्ठू बैग में गांजा लेकर खड़ा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
2. पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम सूजल पिता रंजीत सांडे, उम्र 22 वर्ष, निवासी दादाजी धूनी वाले गेट के पास, थाना कोतवाली, बैतूल बताया। उसके पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर गांजे से भरे तीन पैकेट बरामद हुए। विधिवत तौल करने पर पैकेट सहित कुल वजन 5.846 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 16 हजार रुपये थी।
3. उक्त कार्रवाई के आधार पर थाना बैतूल बाजार में अपराध क्रमांक 314/2024, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण में आरोपी विट्टू उर्फ प्रफुल्ल पिता सुनील सोनटके, उम्र 25 वर्ष, निवासी सुभाष स्कूल के पास, गांधी मोहल्ला, बैतूल तथा महेन्द्र उर्फ गजनी पिता शंकर सोनेकर, उम्र 30 वर्ष, निवासी गांधी वार्ड, सुभाष स्कूल के पास, बैतूल घटना दिनांक से ही फरार चल रहे थे।
4. दोनों फरार आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। थाना बैतूल बाजार पुलिस की सतत पतारसी के परिणामस्वरूप दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को दोनों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल बैतूल भेज दिया गया।
🔹सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बैतूल बाजार निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर, उपनिरीक्षक संतोष सिंह नागवे, उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक प्रहलाद उइके, प्रधान आरक्षक हीरालाल, प्रधान आरक्षक अरुण लौवंशी, आरक्षक कमल चौरे एवं आरक्षक भूपेन्द्र पटेल की सराहनीय भूमिका रही।
🔹पुलिस अधीक्षक बैतूल की अपील
बैतूल पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन एवं तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।





