
बैतूल। बैतूल जिले में इस वर्ष हुई अल्पवर्षा से उपजे गंभीर हालातों से प्रदेश सरकार को अवगत कराने के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से जिले के भाजपा विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, महेंद्र सिंग चौहान एवं गंगा उइके ने शुक्रवार को भोपाल में मुलाकात कर जल संकट के गंभीर विषय से अवगत कराया। इस मुलाकात में विधायकों ने बैतूल जिले में कम वर्षा के कारण भूमिगत जल स्तर का न बढ़ना, जिले के अधिकांश जलाशयों का खाली रह जाना, आने वाले समय में पेयजल की व्यवस्था और इसके साथ ही आगामी ग्रीष्मकाल में सूखे की समस्या का सामना कर रही जनता के लिए राहत कार्य प्रारंभ किए जाने की माँग की। विधायकों ने मुख्यमंत्री जी को बताया कि इस वर्ष अल्पवर्षा के कारण किसानों की गन्ना, धान, सोयाबीन जैसी फसलें पहले ही बुरी तरह प्रभावित हो चुकी हैं, वहीं रबी सीजन की फसलों के लिए भी पानी की अनुपलब्धता के कारण किसान आर्थिक रूप से टूट जाएंगे। इसलिए सरकार खरीफ तथा रबी की फसल के वास्तविक नुकसान का शीघ्र आकलन कर उनके लिए पर्याप्त मुआवजा जारी करे। विधायकों ने आने वाले समय में पेयजल के संकट और उसके परिणामों जैसे किसानों – मजदूरों का पलायन को रोकने के लिए भी शासन प्रशासन से अग्रिम व्यवस्था बनाने की मांग भी की है।





