
🔹 खेतों में मोटर पंपों से कॉपर वायर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
🔹 भैंसदेही एवं कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई चोरी की तीन वारदातों का खुलासा
🔹 कॉपर वायर, मोटरसाइकिल एवं चोरी में प्रयुक्त औजार सहित लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका बरामद
🔹 किसानों के खेतों में लगे ट्यूबवेल एवं मोटर पंपों को बनाते थे निशाना
🔹 पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में भैंसदेही पुलिस की कार्रवाई
🔹पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के कुशल निर्देशन में बैतूल जिले में चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कठोर कार्रवाई करते हुए प्रभावी अंकुश लगाने तथा आरोपियों की धरपकड़ के लिए समस्थानिक प्रभारी को निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी भैंसदेही श्री लोकेश डावर के मार्गदर्शन में थाना भैंसदेही पुलिस ने कॉपर वायर चोरी के तीन अपराधों का खुलासा किया है। पुलिस ने प्रकरणों में संलिप्त दो आरोपियों शुभम वारस्कर एवं अनमोल झारे को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं निशानदेही से चोरी किए गए कॉपर वायर, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार सहित लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। खुलासा किए गए तीन अपराधों में एक अपराध थाना भैंसदेही क्षेत्र तथा दो अपराध थाना कोतवाली क्षेत्र के हैं।
🔹 घटना का विवरण
थाना भैंसदेही क्षेत्र के ग्राम जामझिरी एवं घोघामा में किसानों के खेतों में स्थित ट्यूबवेल एवं मोटर पंपों में लगे कॉपर वायर चोरी होने की घटना सामने आई थी। दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को हुई चोरी के संबंध में थाना झल्लार में अपराध क्रमांक 342/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
🔹इसी प्रकार थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रातामाटी में भी कॉपर वायर चोरी की दो वारदातें हुई थीं। पुलिस द्वारा इन तीनों अपराधों की विवेचना के दौरान आरोपियों की तलाश एवं पतासाजी की जा रही थी।
🔹 विशेष टीम ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
🔹इसी दौरान दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को शुभम वारस्कर एवं अनमोल झारे के मोटरसाइकिल से घूमने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ एवं विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों की कॉपर वायर चोरी के मामलों में संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
🔹पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने थाना भैंसदेही क्षेत्र में हुई एक चोरी तथा थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रातामाटी में हुई दो चोरी की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का मशरूका एवं वारदात में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है। प्रकरणों में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
🔹 लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका बरामद
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से निम्नलिखित सामग्री बरामद की गई—
1. काले-नीले रंग के कॉपर वायर के 09 टुकड़े, कुल लंबाई लगभग 204 फीट।
2. वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल।
3. एक प्लायर।
4. दो कटर।
5. एक फेंसिंग कटर सहित अन्य औजार।
बरामद मशरूके की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये है।
🔹 सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी भैंसदेही निरीक्षक राजेश सातनकर, सहायक उपनिरीक्षक बलीराम बम्हनेले, प्रधान आरक्षक 148 पंजाबराव परते, आरक्षक 594 सोनू काजले, आरक्षक 490 नारायण जाट, आरक्षक 262 तनवीर खान, आरक्षक 600 सोनू कुमार, आरक्षक 494 सुनील तथा नगर रक्षा समिति के सदस्य अलकेश बाथरी एवं गौरव वैष्णव की सराहनीय भूमिका रही।
🔹 पुलिस अधीक्षक बैतूल की आमजन से अपील
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने किसानों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि अपने खेतों में लगे ट्यूबवेल, मोटर पंप, कॉपर वायर एवं अन्य कृषि उपकरणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। खेतों के आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल 112 पर सूचना दें। चोरी की घटना होने पर बिना विलंब पुलिस को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई कर आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
बैतूल पुलिस नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा तथा चोरी सहित अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए प्रतिबद्ध है।






