
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 31 अक्टूबर को बैतूल जिले के प्रवास पर रहेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 12 बजे भोपाल से हेलीकॉप्टर द्वारा बैतूल के लिए प्रस्थान करेंगे तथा दोपहर 12.40 बजे मिलानपुर स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ यादव दोपहर 1 बजे ग्राम बडोरा पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात दोपहर 1.20 बजे बैतूल पुलिस परेड ग्राउंड स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे, जहां आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 3.30 बजे मिलानपुर स्थित हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे तथा शाम 4.10 बजे भोपाल पहुंचेंगे।

कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रमुख सचिव वन विभाग श्री राघवेंद्र सिंह, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम की मिनट-टू-मिनट तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।






