
भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी और खुशखबरी वाली खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB), भोपाल ने पुलिस मुख्यालय, गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार और उप निरीक्षक (Sub Inspector) संवर्ग के पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2026 की नियम पुस्तिका (Rulebook) और समय-सारणी आधिकारिक रूप से जारी कर दी है।
इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 507 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार मंडल की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर निर्धारित तारीखों में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती से जुड़ी महत्वपूर्ण तारीखें (Important Dates):
- ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तिथि: 09 सितंबर 2026
- ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि: 23 सितंबर 2026
- आवेदन पत्र में संशोधन करने की प्रारंभ तिथि: 09 सितंबर 2026
- आवेदन पत्र में संशोधन करने की अंतिम तिथि: 28 सितंबर 2026
- परीक्षा प्रारंभ होने की तिथि: 28 अक्टूबर 2026 (बुधवार से प्रारंभ)
परीक्षा शुल्क (Application Fee):
- अनारक्षित (General) अभ्यर्थियों के लिए: ₹500/- प्रति प्रश्न पत्र
- SC, ST, OBC, दिव्यांग और EWS अभ्यर्थियों के लिए (केवल म.प्र. के मूल निवासी): ₹250/- प्रति प्रश्न पत्र
- नोट: विभागीय परीक्षा के लिए अनारक्षित वर्ग हेतु ₹200 और आरक्षित वर्ग हेतु ₹100 का शुल्क देय होगा। इसके अतिरिक्त, एमपी ऑनलाइन का पोर्टल शुल्क ₹60 और रजिस्टर्ड सिटीजन यूजर के माध्यम से फॉर्म भरने पर ₹20 का शुल्क अलग से देय होगा।
दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा:
यह परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन पद्धति (Computer Based Test) से आयोजित की जाएगी और प्रतिदिन दो पालियों (Shifts) में संपन्न होगी:
- प्रथम पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक (रिपोर्टिंग समय: सुबह 08:00 से 09:00 बजे)
- द्वितीय पाली: दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक (रिपोर्टिंग समय: दोपहर 01:00 से 02:00 बजे)
- पदों का विवरण (Post Breakdown):
कुल 507 पदों में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों संवर्ग शामिल हैं:
- उप निरीक्षक (जिला पुलिस बल): 312 पद
- सूबेदार: 81 पद
- उप निरीक्षक (विशिष्ट सशस्त्र बल – SAF): 69 पद (केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए)
- तकनीकी पद (Finger Print, Q.D., Photo, Arms): 45 पद
महत्वपूर्ण नियम व दिशा-निर्देश:
- परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों का आधार पंजीयन और मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र (जैसे मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट) लाना अनिवार्य है।
- परीक्षा हॉल में प्रवेश के समय और परीक्षा के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन (Biometric Verification) अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
- परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल घड़ियां या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना पूर्णतः वर्जित है।





