
ब्यूरो रिपोर्ट प्रकाश तिवारी पन्ना
शाहनगर। मरहा गांव में गुरुवार सुबह सियार के हमले में 6 वर्षीय बालिका घायल हो गई। जानकारी के अनुसार अवन्ति बाई पिता देवराज आदिवासी, निवासी मरहा, अपने नाना भगवानदास के यहां आई हुई थी। सुबह करीब 8 बजे वह घर के बाहर जंगल से लगे क्षेत्र में घूम रही थी, तभी सियार ने उस पर हमला कर दिया।
बच्ची की आवाज सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची और सियार को पत्थर मारकर दूर भगाया। हमले में बच्ची के सिर के हिस्से में चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। डिप्टी रेंजर राम प्रसाद पटेल ने बच्ची को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया तथा आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई।
प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक बच्ची का उपचार कटनी जिला अस्पताल में जारी था।






