
योगेश अतुलकर
मुलताई (बैतूल)। बैतूल जिला पंचायत अध्यक्ष और क्षेत्र के लोकप्रिय नेता राजा पवार ने शनिवार, 22 अगस्त 2026 को मुलताई के भगतसिंह वार्ड स्थित अपने निज निवास पर कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों के साथ धूमधाम से अपना जन्मदिन मनाया। इस विशेष अवसर पर दिनभर उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और विभिन्न धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

सुबह की शुरुआत धार्मिक विधि-विधान के साथ हुई, जहां सुख-समृद्धि की कामना के लिए उनके निवास पर संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। पूजन और महाआरती के बाद राजा पवार ने अपने परिजनों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में केक काटा।

जन्मदिन के इस पावन अवसर पर बैतूल जिले के विभिन्न अंचलों से भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, राजनीतिक-सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, ग्रामीण और प्रबुद्ध नागरिक मुलताई पहुंचे। सभी ने राजा पवार को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर उनके दीर्घायु होने तथा उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।

इस उपलक्ष्य में राजा पवार द्वारा क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं के लिए एक विशेष स्नेह मिलन समारोह तथा विशाल सहभोज (भंडारे) का आयोजन भी किया गया था, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। राजा पवार ने सभी शुभचिंतकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं का यही स्नेह व सहयोग उनकी असली ताकत है, जो उन्हें हमेशा जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।