
केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री एवं बैतूल सांसद श्री दुर्गादास उईके ने आज घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों के विकास की दिशा में दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन दोनों सड़क परियोजनाओं पर कुल 43 करोड़ 72 लाख 66 हजार रुपये की राशि व्यय की जाएगी।
वोइस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री श्री उईके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और दूरस्थ ग्रामीण अंचलों को भी बेहतर सुविधाएं मिलें।
उन्होंने बताया कि ग्राम बांसपुर से शांतिपुर मार्ग के 5.52 किलोमीटर लंबाई के सड़क निर्माण कार्य पर 4 करोड़ 22 लाख 18 हजार रुपये वहीं, भौंरा-सातलदेही-चोपना-सिवनपाट मार्ग के 15.80 किलोमीटर लंबे सड़क निर्माण कार्य पर 39 करोड़ 50 लाख 48 हजार रुपये लागत से किए जाएंगे।
इन दोनों महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के अनेक गांवों को बेहतर सड़क संपर्क सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों का आवागमन सुगम एवं सुरक्षित होगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। विशेषकर दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक घोड़ाडोंगरी श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उइके, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार, श्री राजेंद्र मालवीय, श्री विप्लव समद्दार, सरपंच श्री अशोक नवरे, श्री सुरेश सेन, श्री पवित्र बहादुर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





