
भारती भूमरकर
*बाबा मठारदेव के मेले अलग से रहेगा इमरजेंसी मार्ग, शिखर मंदिर रास्ते पर दो स्थानों पर तैनात रहेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें, बैठक में एसडीएम ने दिए निर्देश*
_बाबा मठारदेव मेले को अनुविभागीय अधिकारी (रा.) शाहपुर ने ली बैठक, विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर होगा मेले का आयोजन, एसडीएम ने किया मेला स्थल का निरीक्षण, शिखर मंदिर मार्ग पर दुकानें, शिखर मंदिर परिसर में भंडारों पर रहेगा प्रतिबंध, लेटकर अथवा घुटनों के बल शिखर चढ़ने पर रहेगी मनाही।_

सारनी। नगर पालिका सारनी के सभाकक्ष में गुरूवार 8 जनवरी 2026 को बाबा मठारदेव मेला आयोजन एवं व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (रा.) शाहपुर प्रपंच आर. (आई.ए.एस.) ने की। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, उपाध्यक्ष जगदीश पवार, तहसीलार संध्या रावत, एसडीओपी प्रियंका करचाम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी.के. मेश्राम, टीआई जयपाल इवनाती, नायब तहसीलदार संतोष पथोरिया एव बीएमओ संजीव शर्मा के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, मेला एवं भंडारा समिति के सदस्य उपस्थित थे।

बैठक में सफाई व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा, यातायात आवागमन, झूला व्यवस्था, वन्य जीवों से सुरक्षा व्यवस्था, दान पेटियों की व्यवस्था, भंडारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था, प्लाट आवंटन, समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई। अध्यक्ष किशोर बरदे ने कहा कि मेले में इस वर्ष इमरजेंसी / वीआईपी मार्ग को अलग कर दिया गया है।

इसे भीड़ रहित रखा जाएगा ताकि एंबुलेंस, फायरब्रिगेड समेत अन्य इमरजेंसी वाहन आसानी से आवागमन कर सकें। उन्होंने बताया कि मेले में प्रतिवर्ष की तुलना में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एसडीएम प्रपंच आर. ने मेला परिसर के अलावा बांसवेडा एवं शिखर मंदिर पर भी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मय स्ट्रेचर, जीवनरक्षक दवाओं के साथ उपलब्ध रखने, शिखर मार्ग पर दुकानें लगाने, शिखर मंदिर पर भंडारों पर प्रतिबंध, लेटकर एवं घुटनों के बल शिखर चढ़ने पर पूर्ववत प्रतिबंध के निर्देश दिए हैं। बैठक के बाद एसडीएम ने मेला परिसर का निरीक्षण किया। यहां अधिकारियों को अन्य आवश्यक सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। बैठक में महिला बाल विकास विभाग से संगीता धुर्वे, वितरण कंपनी से दीपशीखा मरकाम, मेला समिति से डीके गौतम, ओएस राजपूत, भंडारा समिति से ज्ञानेश्वर पाटिल, रूपेंद्र चौहान, तरूण पाल समेत अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

*दुकानदार अपनी पुरानी जगह पर ही लगा सकेंगे दुकानें :*
मेले में वर्षों से आ रहे दुकानदार अपनी दुकानें पूर्व निर्धारित स्थानों पर ही लगा सकेंगे। इस वर्ष मेले में प्लाट आवंटन एवं वसूली नगर पालिका विभागीय तौर पर करेगी। किसी भी ठेकेदार का कोई हस्तक्षेप नहीं होगा। नए आने वाले दुकानदारों को नए स्थल पर आवंटन दिया जाएगा। दुकानदारों से निर्धारित न्यूनतम दर पर वसूली होगी। इसकी रसीद उन्हें दी जाएगी। एसडीएम ने इसे लेकर भी निर्देशित किया।
*चौबीस घंटे उपलब्ध रहेगी एंबुलेंस सुविधा :*
मेले में किसी आपात स्थिति से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेला परिसर में चौबीस घंटे एंबुलेंस सुविधा रखने के निर्देश एसडीएम प्रपंच आर ने दिए है। उन्होंने मप्रपाजन कंपनी एवं डब्ल्यूसीएल की भी एक-एक एंबुलेंस पालीवार मेला परिसर में खड़ी रखने के निर्देश दिए। मेले में फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस एवं चिकित्सा सुविधा व अन्य आकस्मिक सेवाओं के नंबर सार्वजनिक किए जाने के निर्देश दिए हैं।
*75 सीसीटीवी कैमरों से रहेगी मेले पर निगरानी :*
मेले में सुरक्षा की दृष्टि से 75 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पुलिस बल कंट्रोल रूम से इन पर निगरानी करेगा। वन विभाग, डब्ल्यूसीएल, मप्रपॉजनकं, एनसीसी, स्काउट एवं निजी सुरक्षा गार्डों से मेले में चौबीस घंटे सुरक्षा व्यवस्था बनाई जाएगी। पार्किंग हेतु निर्धारित स्थल तय कर दिए गए हैं।
*ये भी रहेगी व्यवस्थाएं :*
पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता की चौबीस घंटे व्यवस्था रहेगी।
शिखर मंदिर से मेला परिसर तक एक साथ एलाउंसमेंट व्यवस्था।
बंदरों व अन्य वन्य जीवों से बचने वन विभाग की टीमें तैनात रहेगी।
बीपी, शूगर, हार्ट व अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों को शिखर पर जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
मेला परिसर में सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
मेला परिसर में वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।