
ब्यूरो रिपोर्ट
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने गुरुवार को बडोरा मंडी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यहां किसानों से आत्मीय चर्चा कर मंडी की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने किसानों द्वारा बताई गई समस्या पर मंडी सचिव को सख्त निर्देशित किया कि किसानों की उपज क्रम अनुसार ही नीलाम और उठाव कराए। जिसके लिए व्यवस्थित सिस्टम भी बनाया जाए। उन्होंने विगत दिनों 12 व्यापारियों को दिए गए नोटिस के सम्बन्ध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि व्यापारियों पर लगाए गए अर्थदंड की राशि जमा नहीं होने पर सम्बन्धित व्यापारी का लाइसेंस स्थगित किया जाएं। साथ ही माल भी जप्त कराए।

प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने निर्देश दिए कि मंडी की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएं। अन्नदाता किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसानों की समस्या का त्वरित समाधान किया जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने कहा हम्माल तुलावटी के सम्बन्ध में भी व्यवस्थित सिस्टम बनाएं। प्रयास ये हो मंडी में आने वाले किसानों की उपज की उसी दिन नीलामी और उठाव हो जाएं।

इस दौरान जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार, कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, एसडीएम श्री अभिजीत सिंह, प्रभारी मंडी सचिव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें। प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने मंडी में नीलामी प्रक्रिया के सम्बन्ध में जानकारी ली और व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।

विकास कार्यों में गति लाएं
प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने निरीक्षण से पूर्व सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में हालही में हुए भूमिपूजन के कार्य मौकों पर शीघ्र प्रारंभ हो। इसी प्रकार प्रगतिरत कार्यों में गति लाकर उन्हें समयसीमा में पूर्ण किया जाएं। उन्होंने बैतूल में गीता भवन निर्माण के कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। नगरीय प्रशासन के कार्यों की समीक्षा कर सभी नगरीय निकायों में पेयजल, स्वच्छता, रोशनी इतियादी मूलभूत व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में कानून व्यवस्था को भी मजबूत बनाएं रखने के लिए पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया।
इस दौरान विधायक भैंसदेही श्री महेंद्र सिंह चौहान, विधायक आमला डॉ योगेश पंडाग्रे, विधायक घोड़ाडोंगरी श्रीमती गंगाबाई उईके, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार, कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।
