
ब्यूरो रिपोर्ट
*आज हिन्दू सम्मेलन में होगा धर्मजागरण का शंखनाद*
*घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फहराए गए भगवा ध्वज से शहर हुआ भगवामय*
*गंज के नंदी चौक में हुई भारत माता की भव्य आरती*
*माता मंदिर से जे एच कॉलेज तक निकलेगी भव्य शोभायात्रा*
बैतूल। सकल हिन्दू समाज बैतूल द्वारा 11 जनवरी रविवार को प्रातः 11 बजे जे एच कॉलेज के अटल सभागृह में आयोजित होने वाले गायत्री बस्ती गंज के विराट हिन्दू सम्मेलन में आज शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रेरक ओजस्वी उद्बोधन और सामाजिक समरसता का संदेश देते सहभोज के माध्यम से धर्मजागरण का शंखनाद होगा। प्रभारी कमलेश अमरुते ने बताया कि सम्मेलन हेतु सभी घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भगवा ध्वज फहराएं जाने से पूरा शहर भगवामय हो चुका है। लोगों में सम्मेलन में शामिल होने हेतु अत्यधिक उत्साह देखा जा रहा है।
सम्मेलन में व्यापारियों, समाजसेवियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं का तन मन धन से योगदान प्राप्त हो रहा है। हिन्दू सम्मेलन के मीडिया प्रभारी राजेश मदान ने बताया कि सम्मेलन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता को ध्यान रखते हुए व्यापक प्रचार प्रसार के साथ शहर के कई चौक चौराहों के अलावा मोहल्लों में भी प्रतिदिन भारतमाता की आरती का आयोजन किया गया था।
प्रतिदिन हो रही आरती के क्रम में शनिवार रात्रि 8 बजे गंज के नंदी चौक में पुनः भव्य रूप में भारत माता की आरती का आयोजन किया गया।
भारत माता की सामूहिक आरती में जय श्रीराम और भारत माता की जय के उद्घोष और ढोल-ढमाकों के साथ बड़ी संख्या में सक्रिय हिन्दू बंधु और भगिनी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिन्हें आयोजन समिति द्वारा आज आयोजित होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन में सहपरिवार सादर आमंत्रित किया गया है।

सम्मेलन कार्यकर्ता संजय घिडोडे , जितेंद्र माहेश्वरी व कार्यक्रम संचालक गंगाधर कवड़कर ने बताया कि आज रविवार प्रातः 9:30 बजे माता मंदिर, मेकेनिक चौक गंज से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आयोजन स्थल जेएच कॉलेज पहुंचेगी। संयोजक पंकज मिश्रा ने बताया कि उद्बोधन के पश्चात कार्यक्रम के समापन पर सभी के लिए भोजन की व्यवस्था समाज के सहयोग से आयोजन समिति द्वारा की गई है। समिति द्वारा गंज, सिविल लाइन, संजय कॉलोनी, लोहिया वार्ड, रेलवे कॉलोनी, गांधी नगर, हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के सभी बंधु,भगिनी से सहपरिवार समय पर आने का आग्रह किया गया है।




