
किरण ढँढोरिया
- मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना से शहर की सड़कों का होगा मजबूतीकरण, पीआईसी की बैठक में कई प्रस्ताव पारित
- नगर पालिका में प्रेसिडेंट इन काउंसिल की बैठक का आयोजन, 37 बिंदुओं पर हुई चर्चा।
सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी में गुरुवार 5 फरवरी 2026 को प्रेसिडेंट इन काउंसिल की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें तय एजेंडे के अनुसार विभिन्न 37 बिंदुओं पर चर्चा की गई। पीआईसी सदस्यों ने सभी प्रस्तावों को मंजूरी दी।

नगर पालिका अध्यक्ष कक्ष में दोपहर 1 बजे से प्रेसिडेंट इन काउंसिल की बैठक का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, पीआईसी सदस्य, दशरथ सिंह जाट, भीम बहादुर थापा, गणेश महस्की, बेबी ठाकुर, संगीता धुर्वे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी.के. मेश्राम की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना चतुर्थ चरण के तहत वार्ड 1 से 13 तक डामरीकृत सड़कों के मजबूतीकरण कार्य हेतु प्राप्त न्यूनतम दर को मंजूरी दी गई। नगर की सड़कों का मजबूतीकरण हो सकेगा। मठारदेव मंदिर मेला परिसर में निर्मित मंगल भवन की आंतरिक सज्जा हेतु भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा विभिन्न निर्माण कार्यों हेतु प्राप्त दरों को पीआईसी सदस्यों ने चर्चा के उपरांत स्वीकृति प्रदान की। सदस्यों ने निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्वक करने के लिए निर्देशित किया। निकाय में 10 से 20 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को समयमान वेतनमान का लाभ देने पर भी चर्चा हुई। दैनिक वेतन भोगियों को बढ़ी हुई दरों के आधार पर 1 अक्टूबर 2025 से भुगतान करने पर निर्णय हुआ। पीआईसी की बैठक के दौरान विभिन्न कार्यों की दरें तय की गई। इसके तहत हैंडपंप सुधार, मोटर मरम्मत, मुद्रण, स्टेशनरी एवं विविध सामग्रियों जैसे कार्यों की वार्षिक दरें आमंत्रित करने पर चर्चा की गई। बैठक में समस्त उपयंत्री, शाखा प्रभारी, अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।




