
ब्यूरो रिपोर्ट
- कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद, परीक्षा हेतु दी शुभकामनाएं
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सोमवार को जिले के छात्रावासों का निरीक्षण कर यहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला स्तरीय कन्या उत्कृष्ट सीनियर छात्रावास, सीनियर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास तथा आदिवासी महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास का भ्रमण किया।

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनसे छात्रावास में आवास, भोजन, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने यह भी पूछा कि किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं है तथा स्टाफ द्वारा किसी तरह की परेशानी तो नहीं की जाती।

छात्राओं ने कलेक्टर श्री सूर्यवंशी को अवगत कराया कि छात्रावासों में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं और उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं है। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने छात्राओं को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं और मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट एवं तहसीलदार श्रीमती पूनम साहु भी उपस्थित रहीं।




