
ब्यूरो रिपोर्ट
महाशिवरात्रि के अवसर पर बैतूल जिले के रानीपुर स्थित प्राचीन छोटा महादेव मंदिर में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को दृष्टिगत रखते हुए बैतूल कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी एवं पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन ने मंगलवार को मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मेले के पहुंच मार्गों का अवलोकन करते हुए कुछ स्थानों पर झाड़ियों की छंटाई कराने तथा मार्गों की आवश्यक मरम्मत और समतलीकरण का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, जिससे वाहनों का आवागमन सुगम हो सके। उन्होंने निर्धारित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर सुव्यवस्थित पार्किंग प्रबंधन, संकेतक बोर्ड लगाने एवं यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर–एसपी ने मंदिर परिसर पहुंचकर दर्शन व्यवस्था का अवलोकन किया और निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित मार्ग से ही आवागमन सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी अन्य स्थान से पहाड़ी पर चढ़ने से रोकने के लिए आवश्यक बेरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड एवं सूचना डिस्प्ले लगाए जाएं। भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल एवं होमगार्ड की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि मेला क्षेत्र में चिकित्सा की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। दुकानों एवं ठेलों को मुख्य मार्ग से पर्याप्त दूरी पर लगवाने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी श्री अनिल गर्ग जी भी उपस्थित रहे, उन्होंने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस दौरान कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग श्रीमती प्रीति पटेल, जिला खनिज अधिकारी श्री मनीष पालीवाल ,थाना प्रभारी श्रीमती बबीता धुर्वे, रक्षित निरीक्षक पुलिस श्री गजेंद्र केन, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
