
धनराज साहू तहसील ब्यूरों
भैंसदेही:- आगामी 20 फरवरी से कक्षा पांचवी एवं आठवीं की वार्षिक परीक्षा संचालन हेतु विकासखंड के 28 परीक्षा केन्द्रों पर नियुक्त केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्ष की बैठक का आयोजन शनिवार को सांदीपनि विद्यालय भैंसदेही के सभा कक्ष में विकासखंड शिक्षा अधिकारी संदीप राठौर, विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक सुखदेव धोटे,परीक्षा प्रभारी बीएसी श्रीराम भुस्कुटे की प्रमुख उपस्थिति में आयोजित की गई l

बैठक में सभी को कक्षा पांचवी /आठवीं की वार्षिक परीक्षा- 2026 के संचालन के संबंध में राज्य शिक्षा केंद्र तथा जिला शिक्षा केंद्र से प्राप्त दिशा निर्देशों से अवगत कराकर उन्हें दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए समय सारणी अनुसार सफलतापूर्वक परीक्षा संपन्न कराए जाने हेतु मार्गदर्शन दिया गया l वार्षिक परीक्षा के संबंध में जनपद शिक्षा केंद्र के परीक्षा प्रभारी बीएसी श्रीराम भुस्कुटे ने बताया कि परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित रहेगा तथा परीक्षा केंद्र पर केन्द्राध्यक्ष को छोड़कर परीक्षा कार्य में लगे सभी अन्य कर्मचारियो के लिए मोबाइल पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा l

परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों हेतु समुचित बैठक व्यवस्था, स्वच्छता , पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था बनाए जाने के निर्देश दिए l केंद्र पर प्रश्न पत्रों की गोपनीयता एवं सुरक्षा हेतु समुचित व्यवस्था बनाए रखने एवं परीक्षा केंद्र पर राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार दिव्यांग परीक्षार्थीयों हेतु आवश्यक सुविधा दिए जाने हेतु निर्देशित किया गया l

यदि कोई छात्र किसी कारणवश बिना प्रवेश पत्र के परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होता है तो उस छात्र का परीक्षा केंद्राध्यक्ष द्वारा सत्यापन कर उसे परीक्षा में बैठने दिया जाएगा ऐसे परीक्षार्थियों हेतु केंद्राध्यक्ष अपने स्तर से प्रवेश पत्र जारी करेंगे ,परीक्षा केंद्र में दर्ज किसी भी छात्र को परीक्षा में बैठने से वंचित नही किया जाएगा l वार्षिक परीक्षा की जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त, डीपीसी , एपीसी, बीईओ, संकुल प्राचार्य, बीआरसीसी, बीएसी ,सीएसी स्तर से सघन मॉनिटर की जाएगी l
