
धनराज साहू तहसील ब्यूरों
- मानवता की सच्ची सेवा ही सच्ची शिव पूजा है- पं. अविनाश खंडाग्रे
- रामेश्वरम शिवधाम चिल्कापुर में आयोजित शिवपुराण एवं रुद्र महायज्ञ सप्ताह में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़।
भैंसदेही:- भैंसदेही विकासखंड के अंतर्गत ग्राम चिल्कापुर (गुदगांव) के प्रसिद्ध रामेश्वरम शिवधाम मंदीर में आयोजित भव्य शिवपुराण एवं रुद्र महायज्ञ सप्ताह कार्यक्रम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। महायज्ञ सप्ताह की धार्मिक बयार से संपूर्ण क्षेत्र धर्ममय हो गया है। कथा के तीसरे दिन कथा वाचक पंडित अविनाश खंडाग्रे जी ने कथा के माध्यम आमजन को संदेश देते हुए कहा कि पीडित मानवता की सेवा ही सच्ची शिव पूजा है। इसलिए हर व्यक्ति को पीड़ित व्यक्ति की मदद करने आगे आना चाहिए ।
उन्होंने कहां कि करनी ऐसी करनी चाहिए कि जग भी खुश हो। जो परिस्थितियां हमारे सामने निर्मित होती है, उसमें हमें भगवान की इच्छा मानकर के उस परिस्थिति को सिरोधार्य करना चाहिए, वो चाहे सुख हो या चाहे दुःख हो । परिस्थिति प्रतिकूल हो चाहे,अनुकूल हो। ग्राम एवं सम्पूर्ण क्षेत्र की सुखद मंगल कामना एवं हर व्यक्ति के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना के भाव से प्रतिदिन यज्ञ में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु गण उपस्थित होकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

उल्लेखनिय है कि ग्राम गुदगांव (चिल्कापुर) के प्रसिद्ध रामेश्वरम शिवधाम मंदिर में गत् 11 फरवरी 2026 से 17 फरवरी 2026 तक रूद्र महायज्ञ एवं शिव महापुराण सप्ताह का सुंदर आयोजन प्रारंभ है। यहां प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक रूद्र महायज्ञ एवं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक पं.अविनाश खंडाग्रे जी के मुखारबिंद से शिव महापुराण कथा का सुंदर आयोजन किया गया है। जिसका समापन 17 फरवरी 2026 को हवन-पूजन एवं भंडारा प्रसादी के साथ सम्पन्न होगा।
रामेश्वरम शिवधाम मंदीर समिति चिल्कापुर (गुदगांव ) एवं कार्यक्रम आयोजन समिति ने क्षेत्र के लोगों से प्रतिदिन कथा श्रवण करने हेतु अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है ।