
ब्यूरो रिपोर्ट
- क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन कार्य शेष शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
- शेष एफएचटीसी में एसडीओ पीएचई, सब इंजीनियर और जनपद सीईओ को भी नोटिस
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) की समीक्षा बैठक में नल-जल योजनाओं में एफएचटीसी कार्यों में धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि विद्युत कार्य, सोर्स समस्या, पाइपलाइन के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करा घरेलू नल कनेक्शन को क्रियाशील कराए। उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी कि एफएचटीसी (क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन) के कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण नहीं होने पर संबंधित एसडीओ, सब इंजीनियर, जनपद सीईओ एवं ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने ग्राम वार एफएचटीसी प्रगति की समीक्षा की। बैतूल जनपद में घरेलू नल कनेक्शनों को क्रियाशील बनाने में संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने एसडीओ पीएचई एवं जनपद सीईओ बैतूल के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने उप महाप्रबंधक एमपीईबी को भी निर्देशित किया कि विभागीय समन्वय से घरेलू नल कनेक्शनों से संबंधित विद्युत कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाएं, ताकि कनेक्शन जल्द चालू हो सकें। एमपीईबी से इस संबंध में स्पष्टीकरण लेने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री पीएचई को निर्देश दिए कि एफएचटीसी के शेष कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों को जनहित की योजना में उदासीनता बरतने पर सख्त नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने हिदायत दी कि लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिले के विभिन्न ब्लॉकों में जहां केवल एक-दो नल कनेक्शन ही चालू हैं, वहां शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के लिए संबंधित एसडीओ पीएचई, उपयंत्री एवं जनपद सीईओ को नोटिस जारी करने तथा कार्यपालन यंत्री को अप्रसन्नता पत्र देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने एफएचटीसी कार्य पूर्ण कर नल-जल योजनाओं का हैंडओवर तथा “हर घर जल” प्रमाणन की कार्रवाई शीघ्र करने को कहा।
समीक्षा के दौरान घोड़ाडोंगरी जनपद के ग्राम छुरी में जूनियर इंजीनियर एमपीईबी की लापरवाही के कारण छह माह से कार्य लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। शाहपुर जनपद के ग्राम देशावाड़ी की नल-जल योजना का जनपद सीईओ के साथ संयुक्त भ्रमण कर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र के ठेकेदारों की नियमित मॉनिटरिंग कर कार्यों को गति दें। जनपद सीईओ आमला द्वारा सब इंजीनियर की अनुपस्थिति की शिकायत पर कलेक्टर ने उसका 10 दिन का वेतन काटने तथा सप्ताह में दो दिन आमला मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने आगामी ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए क्रिटिकल ग्रामों के चिन्हांकन एवं पेयजल प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।




