
ब्यूरो पन्ना प्रकाश तिवारी
आज महावीर जयंती के पावन अवसर पर जैन समुदाय द्वारा श्रद्धा और भक्ति के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान भगवान महावीर स्वामी जी का सुसज्जित सिंहासन आकर्षण का केंद्र रहा।
शोभायात्रा का शुभारंभ स्टेट बैंक के पास स्थित जैन मंदिर से हुआ, जो शिवनगर एवं कटनी-पन्ना मार्ग से होते हुए बोरी मार्ग से गुजरी और पुनः जैन मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली और वातावरण जयकारों से गूंज उठा।
इस आयोजन में जैन समाज के सभी वर्गों के लोग—पुरुष, महिलाएं और बच्चे—पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। विशेष रूप से माताओं और बहनों की सहभागिता उल्लेखनीय रही, जिन्होंने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शोभायात्रा में भाग लिया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और भक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला, जिससे क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक एकता का संदेश प्रसारित हुआ।
