
ब्यूरो रिपोर्ट
जिले में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुचारू रूप से पहुंचाने के लिए समग्र आईडी का ई-केवाईसी पूर्ण होना अत्यंत आवश्यक है। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने इस संबंध में मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों में ई-केवाईसी कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है। सभी जनपद सीईओ, सीएमओ तथा सभी संबंधित अधिकारी इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र पूर्ण कराएं।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं वार्ड में शेष हितग्राहियों की नामवार सूची तैयार कर डोर-टू-डोर अभियान चलाते हुए पात्र हितग्राहियों का ई-केवाईसी कराया जाएगा। इस कार्य में सचिव, रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, वार्ड प्रभारी सहित समस्त मैदानी अमले का पूर्ण सहयोग लिया जाए तथा लापरवाही पर व्यक्तिगत जिम्मेदारी भी तय की जाए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करें और आगामी एक सप्ताह में 100 प्रतिशत समय आईडी का ई-केवाईसी कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को भी सतत समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।






