
ब्यूरो रिपोर्ट
*मप्र जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष व राज्यमंत्री मोहन नागर ने किया सतपुड़ा जलाशय की स्वच्छता में श्रमदान, बोले छोटे से संकल्प से स्वच्छ हुआ डेम*
_पद्मश्री नागर के साथ श्रमदान के लिए उठे सैकडों हाथ, जन अभियान परिषद, नगर पालिका सारनी, सतपुड़ा थर्मल प्लांट और डब्ल्यूसीएल के कर्मचारियों के साथ अन्य संगठनों ने किया श्रमदान।_
सतपुड़ा डेम से वर्ष 2019 में चाइनीज झालर एवं जलकुंभी निकालने के कार्य की शुरूआत करने वाले मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष, राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त पद्मश्री मोहन नागर ने बुधवार शाम को सारनी पहुंचकर सतपुड़ा जलाशय की श्रमदान के माध्यम से सफाई की। उनके साथ सैकड़ों लोगों की टीम भी यहां मौजूद रही। करीब तीन घंटे चले श्रमदान के बाद सतपुड़ा डेम के छठ पूजा घाट को जलीय खरपतवार से मुक्त किया गया।

औपचारिक कार्यक्रम के तहत सारनी पहुंचे मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष, राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त पद्मश्री मोहन नागर सीधे सतपुड़ा डेम पहुंच गए। उनके यहां आने की सूचना के बाद सतपुड़ा थर्मल प्लांट, नगर पालिका, डब्ल्यूसीएल के अधिकारी, कर्मचारी भी पहुंचे। स्वयं सेवी संगठन, राजनीतिक संगठनों के लोगों ने भी यहां पहुंचकर श्रमदान किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, उपाध्यक्ष जगदीश पवार, सतपुड़ा प्लांट के चीफ इंजीनियर एसके लिल्होरे, जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक प्रिया चौधरी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजीव गुप्ता, मनीष शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी. के. मेश्राम यहां उपस्थित थे। करीब तीन घंटे चले श्रमदान के बाद छठ पूजा घाट को पूरी तरह स्वच्छ किया गया।

इसके बाद हुए कार्यक्रम को अतिथियों ने संबोधित किया। प्लांट के चीफ इंजीनियर ने कहा कि सतपुड़ा डेम को पूरी तरह साफ करने के लिए कंपनी की ओर से कार्ययोजना तैयार की जा रही है। अभी तक हुए प्रयासों का ही परिणाम है कि जल साफ और उपयोग योग्य है। नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे ने कहा कि जलीय संरचनाओं को स्वच्छ करने के लिए नगर पालिका द्वारा भी सतत अभियान चलाया जा रहा हैं जल गंगा संर्वधन के तहत नगर के सार्वजनिक जलस्रोतों को साफ किया जा रहा है। इस अवसर पर श्रमदान में सहयोग करने वाले जल प्रहरियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका के पार्षदगण, एल्डरमैन, सतपुड़ा प्लांट, डल्ब्यूसीएल, जन अभियान परिषद, शासकीय कॉलेज सारनी के अधिकारी, कर्मचारी, धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक संगठन, स्व सहायता समूह के सदस्यगण उपस्थित थे।
*छोटे से संकल्प से शुरू हुआ काम, सामने आया बड़ा परिणाम : नागर*


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष, राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त पद्मश्री मोहन नागर ने कहा कि हमने सलैया गांव में बोरीबंधान के समय सतपुड़ा डेम को चायनिज झालर से मुक्त करने का छोटा सा संकल्प लिया था। जलान्दोलन ने बड़ा रूप लिया और आज परिणाम सभी के सामने है। हालांकि यहां के जल श्रमदानियों, सभी शासकीय अधिकारी, कर्मचारी, धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक, स्वयंसेवी संगठनों की मेहनत का य परिणाम है।


प्रत्येक रविवार होने वाले श्रमदान के बाद सतपुड़ा प्रबंधन ने भी इसमें रूचि दिखाई और चाइनीज झालर खाने वाले कीड़ों को डेम में डाला गया। इससे सार्थक परिणाम आए और झालर मुक्त डेम बन गया। उन्होंने कहा कोई भी सरकार जलीय संरचना बनाती है, लेकिन उनका संरक्षण आम लोगों के सहयोग से ही होता है। जन अभियान परिषद प्रदेश भर की नदियों का सर्वे कर चुका है। उनके उद्गम स्थलों से विलय स्थलों तक सर्वे कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा पिछले साल इस अभियान में चालीस लाख लोग जुटे थे। इस साल पचास लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्र के जलस्रोतों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखे। क्योंकि सारी महामारियां दूषित जल से होती है। इस अवसर पर उन्होंने सारनी के लोगों का आभार भी माना।







